अल्मोड़ा जिले के दन्या क्षेत्र में एक शिक्षक नेता को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। राजकीय इंटर कॉलेज बाराकूना में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात शिक्षक नेता राजू महरा ने इस संबंध में दन्या कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर में शिक्षक नेता ने आरोप लगाया है कि तलचौना, दन्या निवासी चंद्रशेखर भट्ट फेसबुक के जरिए लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोप है कि आरोपी न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा है, बल्कि सोशल मीडिया पर उनके चरित्र को लेकर भी आपत्तिजनक और असत्य टिप्पणियां कर रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले मार्च 2020 में भी आरोपी द्वारा इसी तरह की गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। उस समय आरोपी के भाई ने लिखित रूप से भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब फिर से धमकी और अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आई हैं।
शिक्षक नेता का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे मानसिक रूप से काफी तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, फेसबुक पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट हटवाने और संबंधित अकाउंट को फ्रीज कराने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चंद्रशेखर भट्ट नाम की आईडी से गाली-गलौज किए जाने की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





