रुद्रप्रयाग के फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के पास एक डंपर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। SDRF, NDRF और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, गुरुवार रात 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 तरसाली के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
दो लोगों की मौके पर हुई मौत
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त डंपर में दो लोग सवार पाए गए। राहत दल ने कठिन परिस्थितियों के बीच 45 वर्षीय संजय राणा का शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। वहीं दूसरे मृतक मोहन के शव को भी बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गहरी खाई और दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए राहत दल ने कई घंटों तक अभियान जारी रखा।
जांच में जुटी पुलिस
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर भेजा गया और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है तथा हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।





