हिमाचल। जिला ऊना में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एम.सी. पार्क, ऊना में उपवास एवं धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष देशराज गौतम ने की। इस अवसर पर मनरेगा बचाओ संग्राम, जिला ऊना के प्रभारी विकास ठाकुर (पूर्व महासचिव, कांग्रेस कमेटी) मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष देशराज गौतम ने कहा कि “मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवन रेखा है। इसके बजट में लगातार कटौती और मजदूरी भुगतान में देरी सीधे-सीधे गरीबों के अधिकारों पर हमला है। मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है और इसे कमजोर करने की किसी भी कोशिश का पुरज़ोर विरोध किया जाएगा। मनरेगा, जिसके तहत देश के लगभग 14 करोड़ जॉब कार्डधारकों को हर साल 100 दिन का रोज़गार देने की गारंटी है, उसका नाम बदलने की कोशिश असल मुद्दों—जैसे समय पर काम और मजदूरी भुगतान—से ध्यान भटकाने की कोशिश है।” देशराज गौतम ने कहा कि राम के नाम की चर्चा केवल भाजपा द्वारा मुद्दों से ध्यान बांटने का काम है ।उन्होंने कहा कि श्री राम की पूजा हम करते हैं, भगवान श्री राम हम सब के आराध्य हैं, लेकिन इस योजना में श्री राम नहीं बल्कि भाजपा की बदनीयत शामिल है ।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम जब इस योजना में था तो उसे नाम को खत्म करने की चाल क्यों चली गई ?भाजपा के नेता बताएं कि क्या महात्मा गांधी का नाम उन्हें पसंद नहीं है?




