बोले- बच्चों के बीच बिताया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से आत्मीयता और स्नेह के साथ मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान संस्थान का माहौल आत्मीयता, स्नेह और अपनत्व से भरा रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। जरूरत है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार के प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्यों की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।





