देहरादून। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र चकराता रोड पर शुक्रवार सुबह फोटो लेमिनेशन शॉप में आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में कुछ ही देर के भीतर सबकुछ जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे तक जूझने के बाद आग पर काबू पाया।
घटना घंटाघर चौक के निकट दिग्विजय सिनेमा की पिछले हिस्से में स्थित गली में हुई। यहां गोयल फोटो कंपनी के परिसर से सटी डीके लेमिनेशन नाम से फोटो फ्रेमिंग और लेमिनेशन की दुकान थी। सुबह 7 बजे के आसपास अचानक दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने लपटें निकलते देखीं तो अफरातफरी मच गई।

आनन-फानन में फायर सर्विस को सूचना देने के साथ ही लोग पानी डाल कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन दुकान में लकड़ी के फ्रेम, लेमिनेशन शीट, फोटोग्राफ्स और फोटो फ्रेम के पीछे लगने वाले बोर्ड काफी मात्रा में रखे होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना पाकर कुछ ही देर में फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू की। करीब एक घंटे बाद आग को बुझा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान कबाड़ हो गया। आग के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





