धामी सरकार ने 44 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को किया इधर से उधर
अनंत आवाज ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दीपावली से पूर्व 44 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं, इनमें छह जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। प्रमुख सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी तुरंत अपने नए पदभार ग्रहण करें। माना जा रहा है कि यह कदम प्रदेश में प्रशासनिक कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाने और त्योहारों के दौरान सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
संयुक्त सचिव राजेंद्र पतियाल द्वारा रविवार को जारी की गई सूची के मुताबिक नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के डीएम बदले गए हैं। नैनीताल के डीएम वंदना सिंह को शासन में लाया गया है, जबकि पिथौरागढ़ के डीएम विनीत कुमार, चंपावत के डीएम विनीत तोमर, और बागेश्वर के डीएम आशीष भट्टराई को अन्य जिलों में जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारियों के तबादलों के साथ साथ सचिवालय स्तर पर भी कई अधिकारियों के की जिम्मेदारियों में भी अहम बदलाव किए गये हैं। आईएएस दिलीप जावलकर को वित्त, निर्वाचन और ग्राम विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस रणवीर सिंह चौहान को महाप्रबंधक कृषि एवं उद्यान विभाग से हटाकर आयुक्त, खाद्य विभाग बनाया गया है। आईएएस धीरज सिंह गर्ब्याल को सचिव- पर्यटन के साथ-साथ ग्राम विकास और जल संसाधन विभाग का भी दायित्व सौंपा गया है।





