मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप, लोगों ने मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंपा
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर ने बच्ची को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल संरक्षण गृह भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम लेबर कॉलोनी की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कॉलोनी में रहने वाले एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और देहरादून में मजदूरी करते हैं। दोनों परिवार आसपास ही रहते हैं, जिसके चलते उनकी आपस में जान-पहचान थी।
मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप
आरोप है कि सोमवार शाम किशोर बच्ची को खेल-खेल में अपने साथ ले गया। इस दौरान उसने बच्ची को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी किशोर को संरक्षण में भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर को हिरासत में लेकर नियमानुसार संरक्षण में भेजा गया है। वहीं, पीड़ित बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





