प्रशासनिक व्यवस्था से भी लोगों के कार्य प्रभावित होने का लगाया आरोप
संदीप खड़वाल/ऊना, हिमाचल
ऊना। भारतीय जनता पार्टी की हिमाचल ईकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना सदर विधायक सतपाल सत्ती ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर शाब्दिक प्रहार किया है।
ऊना में एक प्रेस वार्ता में उन्होंने ऊना में बढ़ते अपराध के ग्राफ के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार बताया है। सत्ती ने ऊना में प्रशासनिक व्यवस्था के खराब स्थिति में होने का दावा किया। उनका कहना है कि ऊना में पिछले 15 दिनों से एसडीएम नहीं होने के कारण जनता के कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान एसडीएम पर आरोप लगने के बाद उसके स्थान पर अन्य नियुक्ति नहीं की गई , जिसके कारण लोग SDM से संबंधित कार्यों की फाइल्स लेकर भटक रहे हैं। वहीं सत्ती ने जिले के डीएसपी पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय ठाकुर का जिक्र करते हुए कहा कि हालांकि उनकी कप्तानी में भारतीय कबड्डी टीम के हौसलों बुलंद हैं। सत्ती ने बताया कि अजय ठाकुर वर्तमान समय में प्रो कबड्डी लीग में एक टीम के कोच के रूप में अगले दो महीने तक व्यस्त हैं
और ऐसे में ऊना जिले में डीएसपी के उपस्थित नहीं होने पर भी लोगों के कार्य प्रभावित होने की बात कही।
भाजपा विधायक ने ऐसे रूप में प्रशासनिक व्यवस्था के चरमराने का आरोप लगाते हुए जिले में फिरौती की घटनाएं बढ़ने का जिक्र किया और इन बढ़ती आपराधिक घटनाओं के लिए प्रशासन और सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने जिले से प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के होने के बावजूद ऐसी घटनाएं होने पर दुःख व्यक्त किया और प्रदेश सरकार में उन्हें दरकिनार किए जाने की संभावना व्यक्त की।
सत्ती ने ऊना में अवैध खनन के बढ़ने और इसके माध्यम से खनन कर्ताओं द्वारा रेत से सोना चांदी बनाए जाने का दावा करते हुआ सरकार को कटघरे में खड़ा किया। भाजपा विधायक यहीं नहीं रुके, उन्होंने खनन के इस पैसे का बड़ा हिस्सा किसी व्यक्ति विशेष के पास जाने का संकेत दिया। जबकि जिले में शराब कारोबार में बढ़ते गैंगवॉर से गोलीबारी और कत्ल की वारदात का भी जिक्र किया और इसके लिए भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार की बेलगामी और प्रशासन के ढुलमुल रवैए को जिम्मेदार बताया।





