नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को बाबा नीम करौली बाबा का 62वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। तड़के सुबह से ही बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
स्थापना दिवस का शुभारंभ प्रातः 5 बजे बाबा को मालपुए का भोग अर्पित कर किया गया। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। रातभर कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए गए। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि मंदिर समिति के सेवादारों द्वारा मालपुए का प्रसाद वितरित किया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह 6 बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और भवाली की ओर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों में स्थापना दिवस को लेकर विशेष उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
कैंची धाम का स्थापना दिवस हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है और इस बार भी बाबा के भक्तों की भारी मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है।





