पवाणी गांव के 30 से अधिक मकान जलकर राख, कई परिवार बेघर
उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। आग की चपेट में आने से गांव के करीब 30 लकड़ी के मकान जलकर राख हो गए। इस घटना से 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे गांव के एक मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान लकड़ी के बने होने के कारण लपटें तेजी से आसपास के भवनों तक फैल गईं। इसी दौरान रसोई गैस के 5 से 7 सिलेंडर फटने से आग और भयावह हो गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को मकानों से सामान निकालने का भी पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। मकानों के साथ ही उनमें रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी के मकानों में आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक दुर्गेश लाल ने जिला प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासन ने तत्काल राजस्व विभाग, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और एसडीआरएफ की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए भेजा गया है। टीम से स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जाएगा।
पवाणी गांव की दुर्गम भौगोलिक स्थिति के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मोरी तहसील मुख्यालय से गांव करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित है, जिसके कारण राहत टीमों को पहुंचने में समय लग रहा है।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन से घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने को कहा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
फिलहाल अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने आवास और जरूरी सामान की व्यवस्था का संकट है। आग लगने के वास्तविक कारणों, जनहानि, पशुहानि और कुल आर्थिक क्षति की विस्तृत जानकारी प्रशासनिक जांच और सर्वे के बाद ही सामने आ सकेगी।





